‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान, सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी एवं एल्डरमैन सुरेश लखवानी ने की सराहना

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान, सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी एवं एल्डरमैन सुरेश लखवानी ने की सराहना

तिल्दा-नेवरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का तिल्दा-नेवरा में जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं के नवाचार, आत्मनिर्भर भारत और जल संरक्षण जैसे विषयों पर प्रेरणादायी विचार रखे।

सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी ने प्रधानमंत्री के संबोधन की सराहना करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने वाला प्रेरणादायी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान सदैव देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत रहेगा। प्रधानमंत्री द्वारा देश के युवाओं और यंग इनोवेटर्स की प्रशंसा यह दर्शाती है कि भारत नई ऊर्जा और नई सोच के साथ विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

एल्डरमैन सुरेश लखवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का जो संदेश दिया है, वह समय की आवश्यकता है। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में जनभागीदारी से तालाबों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार का उदाहरण पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ में दिए गए संदेशों को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, नवाचार, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आगे बढ़कर योगदान देने की अपील की तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *