
तिल्दा-नेवरा।
ग्राम पंचायत चापा में संचालित ग्रैविटी आयरन एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड को लेकर हाल के दिनों में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से विभिन्न प्रकार की भ्रामक जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। इस संबंध में कई स्थानीय ग्रामीणों ने दावा किया है कि कुछ लोग निजी स्वार्थ साधने के उद्देश्य से कंपनी की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट की स्थापना के बाद क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य सामाजिक विकास कार्यों को बढ़ावा मिला है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं। उनका कहना है कि विकास कार्यों के बावजूद कुछ लोग तथ्यों को नजरअंदाज कर भ्रम फैलाने में लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कुछ तत्व निजी लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से कंपनी के खिलाफ लगातार नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित एजेंसियों से मांग की है कि यदि किसी के पास कोई वास्तविक शिकायत या साक्ष्य है तो उसे वैधानिक प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, न कि अपुष्ट या भ्रामक जानकारी फैलाकर लोगों को गुमराह किया जाए।
ग्रामीणों ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक एवं तथ्यात्मक जानकारी के आधार पर ही अपनी राय बनाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत चापा के विकास और क्षेत्र की प्रगति को देखते हुए सभी को सकारात्मक सहयोग देना चाहिए।
