
तिल्दा-नेवरा। नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में मीना बाजार एवं हाईस्कूल क्षेत्र में पुलिस टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में आने-जाने वाले युवाओं एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। पुलिस ने युवाओं को किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल नहीं होने, आपसी विवाद से दूर रहने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी। समझाइश के बाद कई युवाओं को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशाखोरी, हुड़दंग, असामाजिक गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की लगातार मौजूदगी और सघन चेकिंग से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के बीच भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। थाना प्रभारी की इस पहल को स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रहे।
कानून तोड़ने वालों के लिए सख्त संदेश
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने साफ शब्दों में कहा कि शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएं और किसी भी ऐसी गतिविधि का हिस्सा न बनें, जिससे स्वयं के साथ परिवार और समाज को भी परेशानी हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग और चेकिंग से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा का एहसास बढ़ा है। थाना प्रभारी की सक्रियता से पुलिस की निगरानी व्यवस्था मजबूत हुई है। वहीं, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के लिए पुलिस का संदेश साफ है—कानून हाथ में लेने की कोशिश की तो “सिंघम का डंडा” तैयार है।

