
समझाइश के बाद भी नहीं माने तो पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी
तिल्दा-नेवरा। गणेश पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने विवाद एवं लड़ाई-झगड़े के माध्यम से सार्वजनिक शांति भंग करने की स्थिति पैदा करने वाले तीन असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गणेश पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
विवाद और मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस
इसी दौरान थाना तिल्दा-नेवरा के सामने आम रोड तथा ग्राम किरना में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा विवाद एवं लड़ाई-झगड़ा कर परिशांति भंग करने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देकर विवाद समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन समझाइश के बावजूद संबंधित व्यक्ति अत्यधिक उग्र हो गए और मारपीट करने पर उतारू होने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एसडीएम न्यायालय में पेशी, जेल वारंट जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा तीनों के विरुद्ध जेल वारंट जारी किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जेल निरुद्ध कर दिया।
गिरफ्तार किए गए असामाजिक तत्व
- पवन कुमार ध्रुव, पिता मालिक राम ध्रुव, उम्र 31 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, दीनदयाल चौक, तिल्दा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर।
- हीरालाल नवरंगे, पिता स्व. भागीरथी नवरंगे, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, प्राथमिक शाला के पीछे, ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर।
- उमेश कुमार वर्मा, पिता सुरेश कुमार वर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम किरना, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर।
त्यौहार में हुड़दंग करने वालों को पुलिस का सख्त संदेश
गणेश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही और विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों को देखते हुए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही है तथा विवाद, हुड़दंग और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्यौहार की आड़ में हुड़दंग, विवाद, मारपीट या सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शांतिपूर्ण उत्सव मनाने पुलिस की अपील
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गणेश पर्व एवं आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से दूर रहें तथा क्षेत्र में शांति बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस का कहना है कि आगामी दिनों में भी क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी और शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
