
गणेश पर्व के दौरान तिल्दा-नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो चाकू और मोटरसाइकिल जब्त
तिल्दा-नेवरा। गणेश पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने एवं भय का वातावरण निर्मित करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में गणेश पर्व को देखते हुए थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस टीम द्वारा अड्डेबाजी, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं सार्वजनिक स्थानों की लगातार जांच की जा रही है।
सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर मचा रहे थे भय
अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसी साईंधाम रोड एवं सिंचाई कॉलोनी तुलसी में कुछ युवक धारदार हथियार लेकर घूम रहे हैं और राहगीरों के बीच भय का माहौल बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार चाकू बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने उनके उपयोग में लाई जा रही मोटरसाइकिल स्प्लेंडर क्रमांक CG04-PT-3328 को भी जब्त किया है।
आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों में—
साहिल ध्रुव उर्फ लक्की, पिता गैंदराम ध्रुव, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14 केवतरा, थाना खरोरा, जिला रायपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 392/2026 दर्ज किया गया है।
वहीं गणेश ध्रुव, पिता गौकरण ध्रुव, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14 केवतरा, थाना खरोरा, जिला रायपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 393/2026 दर्ज किया गया है।
गणेश उत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट
गणेश पर्व के दौरान शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने, लोगों में भय उत्पन्न करने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजों एवं चाकूबाजों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक एवं निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
