
तिल्दा-नेवरा/खरोरा।
आबकारी विभाग, पुलिस विभाग एवं नगर पंचायत प्रशासन की संयुक्त टीम ने आज आबकारी वृत्त खरोरा अंतर्गत अवैध रूप से संचालित चखना सेंटरों पर प्रभावशाली कार्रवाई की। शासन की मंशा के अनुरूप, सार्वजनिक स्थानों पर अवैध मदिरा सेवन एवं उससे जुड़े अनैतिक कारोबार पर रोक लगाने हेतु इन चखना सेंटरों पर धारा 36(c) के तहत प्रकरण कायम कर जेसीबी की सहायता से उन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
इस दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी टेक बहादुर कुर्रे, आबकारी उपनिरीक्षक प्रकाश देशमुख, मेधा मिश्रा, प्रीति कुशवाहा, सिल्विया सुमन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी डोमार सिंह साहू, पुलिस आरक्षक एवं आबकारी आरक्षक दिगम्बर बुरा सहित संयुक्त बल उपस्थित रहा।

मेधा मिश्रा का बयान
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहीं आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा ने कहा —
“सरकार के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, अवैध चखना सेंटरों एवं अनियंत्रित मदिरा सेवन को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। ऐसे सेंटर समाज में अव्यवस्था और आपराधिक घटनाओं को जन्म देते हैं। इसलिए आज की यह कार्रवाई पूर्णत: जनहित में की गई है। हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि जो भी व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचना, पिलाना या चखना सेंटर संचालित करना जारी रखेगा, उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”
अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि क्षेत्र में इस प्रकार के अवैध कारोबार की सूचना आबकारी विभाग या पुलिस को तुरंत दें, ताकि सुरक्षित और स्वच्छ सामाजिक वातावरण कायम रह सके।
