
चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने वाले दो युवकों पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई, मारपीट के मामले में दो गिरफ्तार; चार उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान अलग-अलग मामलों में कुल 8 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें सार्वजनिक स्थान पर चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया, जबकि मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए चार असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा की गई।
चाकू दिखाकर राहगीरों में दहशत फैलाने वालों पर आर्म्स एक्ट
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खुडमुड़ी एवं ग्राम रजिया में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। दोनों आरोपियों के कब्जे से चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की।
आरोपी दानेश्वर टंडन उर्फ जुगरू, पिता रामनाथ टंडन, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम खुडमुड़ी तथा सूरज चतुर्वेदी, पिता विजय चतुर्वेदी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खुडमुड़ी के खिलाफ अपराध क्रमांक 366/2026 एवं 367/2026 दर्ज किया गया।
चाकू और लोहे के कड़े से हमला, दो गिरफ्तार
वहीं, ग्राम बिलाड़ी के जैतखाम पारा में 28 अगस्त की रात मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक लक्ष्मीनारायण कोसले के साथ टिंगू मेहर एवं मनीष वर्मा द्वारा गाली-गलौच करते हुए मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे योगेन्द्र कोसले के साथ भी मारपीट की गई।
पुलिस के अनुसार मारपीट के दौरान टिंगू मेहर ने चाकू से लक्ष्मीनारायण के हाथ में चोट पहुंचाई, जबकि मनीष वर्मा ने लोहे के कड़े से योगेन्द्र कोसले के साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू एवं लोहे का कड़ा भी जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी—
दिनेश कुमार पाठक उर्फ टिंगू मेहर, पिता राजकुमार पाठक, उम्र 21 वर्ष तथा मनीष कुमार वर्मा, पिता संतोष वर्मा, उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बिलाड़ी, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर।
चार उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले चार व्यक्तियों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई की जद में आए लोगों में शंकर बघेल (30), अजीत कुमार बंछोर (30), कुलेश्वर यादव (30) और दया राम ध्रुव (22) शामिल हैं। ये सभी तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं।
अपराधियों पर लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध, चाकूबाजी, अड्डेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध, अवैध अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें अथवा डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
