ऑपरेशन “निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी के फरार आरोपी को तिल्दा-नेवरा पुलिस ने दबोचा

ऑपरेशन “निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी के फरार आरोपी को तिल्दा-नेवरा पुलिस ने दबोचा

1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामदगी के मामले में 4 माह से फरार था आरोपी, पूछताछ में साले के साथ मिलकर गांजा बेचने और परिवहन करने की बात कबूली

तिल्दा-नेवरा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “निश्चय” के तहत थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पन्नालाल पारधी (35 वर्ष), निवासी ग्राम जलसों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 182/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

1 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा गया था साला

पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जागेश्वर पारधी, निवासी ग्राम जलसों को पकड़ा था। उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई, बरामद किया गया था।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने जागेश्वर पारधी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने गांजा के क्रय-विक्रय एवं परिवहन में अपने जीजा पन्नालाल पारधी की संलिप्तता की जानकारी दी।

घटना के बाद से चल रहा था फरार

पन्नालाल पारधी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी लगातार तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए फरार था और अलग-अलग स्थानों पर लुक-छिपकर रह रहा था।

लगातार पतासाजी के बीच 27 अगस्त 2026 को पुलिस को विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी पन्नालाल पारधी ग्राम जलसों में आया हुआ है।

ग्राम जलसों में घेराबंदी कर दबोचा

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम जलसों में पहुंचकर घेराबंदी की और फरार आरोपी पन्नालाल पारधी पिता बारेलाल पारधी, उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अपने साले जागेश्वर पारधी के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थ गांजा का विक्रय एवं परिवहन करना स्वीकार किया है।

न्यायालय में पेश कर भेजा न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी विवेचना की जा रही है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

फरार आरोपी को पकड़ने की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *