
पुलिस मुख्यालय के आदेश जारी, उत्कृष्ट सेवाओं का मिला सम्मान
रायपुर/तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में जारी पदोन्नति आदेश के तहत उप निरीक्षक विकास कुमार देशमुख को निरीक्षक (Inspector) पद पर पदोन्नत किया गया है। पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार पदोन्नति के बाद उनकी नवीन पदस्थापना जिला सूरजपुर में की गई है, जहां वे थाना प्रभारी (टीआई) के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में वर्ष 2026 की पदोन्नति सूची के आधार पर 61 उप निरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है। इनमें योग्यता सूची क्रमांक 21 पर शामिल विकास कुमार देशमुख का नाम भी प्रमुखता से शामिल है। वर्तमान में वे जिला रायपुर (ग्रामीण) में पदस्थ थे और अब उन्हें पदोन्नति के साथ जिला सूरजपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विकास देशमुख अपने सेवाकाल के दौरान अनुशासित कार्यशैली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विभिन्न थानों में रहते हुए अपराध नियंत्रण, जनसहभागिता और प्रभावी पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके पदोन्नत होने से पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
पदोन्नति की खबर सामने आने के बाद उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। शुभचिंतकों ने विश्वास जताया है कि निरीक्षक एवं थाना प्रभारी के रूप में भी विकास देशमुख अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और नेतृत्व क्षमता से उत्कृष्ट कार्य करते हुए पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

