तिल्दा नेवरा। माहेश्वरी महिला मंडल, नेवरा तिल्दा की एक अहम बैठक माहेश्वरी भवन में आयोजित की गई, जिसमें महिला मंडल के नवीन कार्यकारिणी के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। इस चुनाव में सर्वसम्मति से समता गांधी को मंडल की अध्यक्ष चुना गया। साथ ही संगीता सोनी को उपाध्यक्ष, सारिका गांधी को सचिव, मयूरी डागा को सह-सचिव तथा कनक भट्टर को कोषाध्यक्ष चुना गया।

चुनाव का माहौल पूरी तरह से सौहार्दपूर्ण रहा, जिसमें समाज की अनेक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उपस्थित महिलाओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि नई टीम समाज के हित में सार्थक कार्य करेगी।
इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के मीडिया प्रभारी कैलाश गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष समता गांधी ने अपने संबोधन में पूर्व कार्यकारिणी की सराहना की और उनके द्वारा समाज के धार्मिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि वे भी पूर्वजों के मार्गदर्शन में समाज की एकजुटता और सेवा की भावना को आगे लेकर चलेंगी।
समता गांधी ने अपने वक्तव्य में यह भी कहा कि महिला मंडल न केवल सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहेगा बल्कि जरूरतमंदों के लिए भी सेवा के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने सभी समाजजन से सहयोग की अपील की और पूर्व पदाधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए धन्यवाद व साधुवाद प्रकट किया।
बैठक में माहेश्वरी समाज की सैकड़ों महिलाओं की उपस्थिति रही, जिससे यह आयोजन और भी भव्य बन गया।
