
तिल्दा विदेशी मदिरा दुकान में अधिक दर पर शराब बेचने का मामला सामने आते ही तत्काल कार्रवाई, भविष्य में FIR की भी चेतावनी
तिल्दा-नेवरा। आबकारी विभाग ने शराब दुकानों में ओवररेटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक और बड़ी कार्रवाई की है। 23 जून 2026 को विदेशी मदिरा दुकान तिल्दा में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बेचते पाए जाने पर संबंधित विक्रयकर्ता को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।
आबकारी विभाग की जानकारी के अनुसार पिछले एक माह में ओवररेटिंग का यह चौथा मामला दर्ज किया गया है। लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए अब तक 4 कर्मचारियों को सेवा से पृथक किया जा चुका है। वहीं दो मदिरा दुकानों में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत कर्मचारियों को पदावनत कर विक्रयकर्ता के पद पर नियुक्त किया गया है।
आबकारी अधिकारी मेघा मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विभाग की मंशा पूरी तरह साफ और सख्त है। किसी भी शराब दुकान में यदि कोई कर्मचारी निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यक होने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
मेघा मिश्रा ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही मदिरा का विक्रय सुनिश्चित कराया जाएगा तथा उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग लगातार निरीक्षण कर रहा है और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी दुकान में ओवररेटिंग की शिकायत मिले तो उसकी सूचना विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा सके।
