
तिल्दा-नेवरा के सिंधी कैंप, वार्ड 13 सहित कई इलाकों में जलभराव, सड़कें बनी तालाब; सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
तिल्दा-नेवरा। मानसून की दस्तक के साथ रविवार देर शाम हुई करीब दो घंटे की बारिश ने तिल्दा-नेवरा नगर पालिका की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी। नगर के सिंधी कैंप, वार्ड क्रमांक 13, सब स्टेशन के आसपास तथा कई अन्य वार्डों में भारी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। जगह-जगह नालियां उफान पर आ गईं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल गया और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान और उसके बाद नगर के कई क्षेत्रों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिनमें सड़कों पर भरे पानी, ओवरफ्लो होती नालियों और लोगों की परेशानियों को साफ देखा जा सकता है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था और समय पर नालियों की सफाई नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की।
वार्ड 13 में दो से ढाई फीट तक पानी
सब स्टेशन के पास स्थित वार्ड क्रमांक 13 में सबसे अधिक जलभराव की स्थिति सामने आई। यहां दो से ढाई फीट तक पानी भर जाने से सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं। कई दोपहिया वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा, वहीं आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल रहा।
गुरुदेव न्यूज़ टीम ने किया मौके का निरीक्षण
स्थिति की जानकारी मिलने पर गुरुदेव न्यूज़ की टीम विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंची। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता मिला, जबकि कुछ जगहों पर बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहा। इससे स्पष्ट हुआ कि जल निकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है और कई नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से बारिश का पानी समय पर नहीं निकल पाया।
लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करने के दावे किए गए थे, लेकिन पहली ही अच्छी बारिश में व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। लोगों ने मांग की कि नगर पालिका तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करे और नियमित सफाई अभियान चलाए, ताकि आगामी बारिश में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो लगातार होने वाली बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने की आशंका रहेगी।
