
कोहका-राजिया पुल के पास हादसा, तेज बारिश के बीच नाला पार करते समय हुआ हादसा; परिजनों में मचा हड़कंप
तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत कोहका-राजिया पुल के पास तेज बारिश के चलते उफनते नाले में एक युवक के बह जाने की सूचना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू की गई। देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय अंकित पाठक, निवासी नागेश्वर नगर, बिरगांव, अपने दोस्तों के साथ ग्राम खुरमुड़ी स्थित अपने जीजा के घर आया हुआ था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे अंकित अपने दोस्तों के साथ खुरमुड़ी से पैदल बिरगांव स्थित अपने घर लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि जब वे राजिया पुल के पास नाले को पार कर रहे थे, तभी लगातार बारिश के कारण नाले में तेज बहाव के बीच अंकित का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। उसके साथ मौजूद अन्य दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल गए।
रात से तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस एवं प्रशासनिक अमले ने आसपास के क्षेत्र में युवक की तलाश शुरू की। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद अंकित के परिजन भी मौके पर पहुंचे और रात से ही उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
तेज बारिश के कारण नाले का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव भी काफी तेज बताया जा रहा है, जिसके चलते तलाशी अभियान में भी चुनौती बनी हुई है। फिलहाल युवक का पता नहीं चल पाया है।
राजिया पुल के पास आवागमन प्रभावित
लगातार बारिश और नाले में बढ़े जलस्तर के कारण राजिया पुल के आसपास आवागमन भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन द्वारा लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। विशेषकर बारिश के दौरान पुल, नालों और जलभराव वाले स्थानों को पार करने से बचने की सलाह दी गई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश के दौरान उफनते नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी नाले को पैदल या वाहन से पार करने का जोखिम न उठाएं। बारिश के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
