
तिल्दा-नेवरा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत तिल्दा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक आरोपी को 8 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख 75 हजार रुपए बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिल्दा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीआर 5280) में दो व्यक्ति सूटकेस और बैग में गांजा लेकर खरोरा से तिल्दा होते हुए सांकरा की ओर जाने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने तत्काल टीम गठित कर जोता रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कराई।
जैसे ही संदिग्ध मोटरसाइकिल मौके पर पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पीछे बैठा व्यक्ति कूदकर फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 8.5 किलो गांजा बरामद किया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गुमान माण्डले (22 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी की सक्रिय भूमिका और नेतृत्व विशेष रूप से सामने आया है। उनके मार्गदर्शन में उप निरीक्षक अरुण कुमार भोई सहित पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ से कार्रवाई को अंजाम दिया।
तिल्दा पुलिस द्वारा लगातार अवैध गांजा और शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत इस तरह की सख्त कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।
