
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में शुक्रवार को हादसों का सिलसिला देखने को मिला, जहां एक ओर एक बड़ा हादसा टल गया, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत तुलसी में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत तुलसी में तेज रफ्तार से आ रही बाइक क्रमांक CG04LR0599 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा रहे मवेशी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, बाइक चालक तेज गति में था और नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि सड़क पर अचानक मवेशी आ जाने के कारण दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी दिन क्षेत्र में एक अन्य हादसा टल गया था, लेकिन तुलसी गांव की यह घटना कई सवाल खड़े कर गई है। तेज रफ्तार और सड़क पर घूमते मवेशी लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिस पर प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
