
तिल्दा-नेवरा नगर पालिका परिषद द्वारा नाली किनारे अतिक्रमण हटाने के बाद अब क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों का खतरा बढ़ता जा रहा है। सिमगा-खरोरा मुख्य मार्ग स्थित विधायक कार्यालय के पास एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक हैवा वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए सीधे नाली के ऊपर चढ़ गया।
घटना के समय वहां आसपास छोटे-छोटे बच्चे खेल रहे थे, जो संयोगवश बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि थोड़ी सी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के बाद सड़क तो चौड़ी हो गई, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए। इसका सीधा फायदा हैवा जैसे भारी और ओवरलोड वाहन उठा रहे हैं, जो बिना किसी नियंत्रण के तेज गति से गुजर रहे हैं।
क्षेत्र में न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं, न ही बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में नाली के ऊपर तक वाहन चढ़ जाना आम बात हो गई है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
नागरिकों ने नगर पालिका के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि केवल अतिक्रमण हटाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके बाद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द यहां स्पीड ब्रेकर, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब कार्रवाई करता है या फिर किसी अनहोनी का इंतजार किया जाएगा।
