प्लांट में महिला मजदूर की मौत से मचा बवाल, ग्रामीणों का आरोप – काम के दौरान गई जान, गेट पर धरने की चेतावनी

तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत खमरिया स्थित श्री नकोडा पाइप इम्पेक्स प्रा. लि. प्लांट में काम के दौरान महिला मजदूर की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सुनीता धृतलहरे नामक महिला पिछले लगभग तीन महीनों से ठेकेदार के माध्यम से प्लांट में कार्य कर रही थी। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम काम के दौरान अचानक महिला को चक्कर आया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद प्लांट प्रबंधन द्वारा उसे ओम हॉस्पिटल भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर के लिए रेफर किया गया, लेकिन कहार पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि महिला की मौत प्लांट के अंदर काम करते समय ही हो गई थी।

उद्योग आने के बाद बढ़ रही घटनाएं – ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि जब से यह उद्योग क्षेत्र में स्थापित हुआ है, तब से इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

वन विभाग के पौधों को भी पहुंचाया नुकसान

वहीं विशेष सूत्रों के अनुसार प्लांट के बाहर वन विभाग द्वारा लगाए गए कई वर्षों पुराने पौधों को भी प्लांट प्रबंधन द्वारा नष्ट किया जा रहा है, जिसे लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है।

परिवार को मदद नहीं मिलने से नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक महिला के परिवार को प्लांट प्रबंधन की ओर से किसी प्रकार की तत्काल सहायता नहीं दी गई, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है।

गेट के सामने धरने की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और न्याय नहीं मिला तो शव को प्लांट गेट के सामने रखकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, उप निरीक्षक विकास देशमुख, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि इस पूरे मामले में प्लांट प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *