खरोरा मार्ग पर बड़ी लूट: ग्राम सिमरिया से आ रहे व्यापारी से 1.50 करोड़ के जेवर पार, आरोपी फरार

खरोरा (रायपुर ग्रामीण)। क्षेत्र में एक बड़ी लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी है। ग्राम सिमरिया से खरोरा की ओर आ रहे एक ज्वेलरी व्यापारी को अज्ञात लुटेरों ने रास्ते में रोककर करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, व्यापारी अपने साथ सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर खरोरा स्थित दुकान की ओर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लुटेरों ने उसे निशाना बनाया और जेवरात से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि संबंधित ज्वेलर्स दुकान का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई। संभावित मार्गों पर जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

गुरुदेव न्यूज़ की टीम ने खरोरा थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *