सिंधी समाज युवा विंग में नई जिम्मेदारियां, निखिल पोपटानी बने कार्यकारिणी अध्यक्षपूज्य सिंधी पंचायत ने युवाओं को दी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

तिल्दा-नेवरा। सिंधी समाज के संगठन को मजबूत करने और युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से पूज्य सिंधी पंचायत (युवा विंग) द्वारा नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। पंचायत के अध्यक्ष शमनलाल खूबचंदानी के मार्गदर्शन एवं प्रभारी विकास सुखवानी की अनुशंसा पर युवा विंग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार निखिल पोपटानी को पूज्य सिंधी पंचायत (युवा विंग) तिल्दा-नेवरा का कार्यकारिणी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं विजय रूपरेला को युवा विंग का अध्यक्ष बनाया गया है। नियुक्ति के बाद समाज के लोगों ने दोनों को बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

सिंधी समाज के अध्यक्ष शमनलाल खूबचंदानी ने कहा कि समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और नई टीम के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों को और गति मिलेगी। वहीं प्रभारी विकास सुखवानी ने आशा व्यक्त की कि नई जिम्मेदारी संभालने वाले युवा समाज के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

नवनियुक्त कार्यकारिणी अध्यक्ष निखिल पोपटानी ने समाज के वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। समाज के हित में युवाओं को जोड़कर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों को सफल बनाया जाएगा।

इस अवसर पर सिंधी समाज के वरिष्ठजन राम गिंडलानी एवं किशोर सतपाल सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नई नियुक्तियों पर खुशी जताते हुए दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

वहीं अध्यक्ष विजय रूपरेला ने भी समाज के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *