नाबालिगों के हाथों में चाकू पहुंचने से रोकने तिल्दा-नेवरा पुलिस का विशेष अभियान

नाबालिगों के हाथों में चाकू पहुंचने से रोकने तिल्दा-नेवरा पुलिस का विशेष अभियान

वेल्डिंग-फैब्रिकेशन दुकानों, लोहारों एवं चाकू धार करने वालों को सख्त निर्देश; सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर

तिल्दा-नेवरा, 6 सितंबर 2026।
नाबालिगों के हाथों में चाकू एवं अन्य धारदार हथियार पहुंचने से रोकने तथा चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस द्वारा अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ अपराध से पहले उसकी रोकथाम पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के वेल्डिंग एवं फैब्रिकेशन दुकानों, लोहारों तथा चाकू एवं धारदार औजारों की धार करने वाले कारोबारियों से संपर्क कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को बड़े अथवा धारदार चाकू उपलब्ध न कराए जाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।

नाबालिग चाकू खरीदने या धार कराने आएं तो बरतें विशेष सतर्कता

पुलिस ने दुकानदारों और कारोबारियों को निर्देशित किया कि चाकू एवं धारदार औजारों की बिक्री अथवा धार करने के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए। विशेष रूप से कम उम्र के बच्चों द्वारा बड़े या धारदार चाकू खरीदने अथवा धार कराने के लिए आने पर सतर्कता बरतने को कहा गया है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी नाबालिग के पास चाकू अथवा अन्य धारदार हथियार पाया जाता है और उसका संबंध किसी आपराधिक घटना से सामने आता है, तो हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जाएगी। परिस्थितियों एवं लागू कानून के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सुभाष चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने किया भ्रमण

अभियान के तहत पुलिस टीम ने सुभाष चौक सहित तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विभिन्न वेल्डिंग-फैब्रिकेशन दुकानों, लोहार दुकानों और चाकू धार करने वाले स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान संचालकों को समझाइश देते हुए नाबालिगों द्वारा हथियार खरीदने या धार कराने की कोशिश किए जाने पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

नाबालिगों को हथियारों के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

पुलिस द्वारा दुकानदारों के साथ-साथ नाबालिगों को भी जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को समझाया जा रहा है कि चाकू अथवा किसी भी धारदार हथियार को अपने पास रखना या लेकर घूमना उनके लिए खतरनाक हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि छोटी-सी कहासुनी या विवाद के दौरान हथियार का इस्तेमाल गंभीर अपराध का कारण बन सकता है, जिससे बच्चों का भविष्य भी प्रभावित हो सकता है। नाबालिगों को विवाद से दूर रहने, हथियार नहीं रखने और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभिभावकों से भी पुलिस की अपील

तिल्दा-नेवरा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उनके साथ नियमित संवाद करें। यदि बच्चे के पास चाकू अथवा कोई अन्य धारदार हथियार दिखाई देता है तो तत्काल उसे समझाइश देकर हथियार से दूर रखें तथा आवश्यकता होने पर पुलिस को सूचना दें।

अपराध के बाद कार्रवाई नहीं, अपराध से पहले रोकथाम पर फोकस

पुलिस की रणनीति का मुख्य उद्देश्य नाबालिगों तक धारदार हथियारों की आसान पहुंच को रोकना और चाकूबाजी जैसी घटनाओं की संभावनाओं को शुरुआत में ही समाप्त करना है। इसी क्रम में क्षेत्र में चाकू एवं धारदार औजारों की बिक्री, निर्माण और धार करने वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों को अपराध की प्रवृत्ति से दूर करने के साथ-साथ कम उम्र के बच्चों को धारदार अथवा घटना कारित करने वाली वस्तुएं उपलब्ध कराने वाले माध्यमों पर भी निगरानी रखी जाएगी। उपलब्ध वस्तु के संभावित दुरुपयोग तथा किसी घटना के बाद संबंधित व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर परिस्थितियों एवं लागू कानून के अनुसार कार्रवाई पर बल दिया जाएगा।

तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया समूहों में युवाओं एवं नाबालिगों द्वारा की जा रही अवांछित गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *