
धरसींवा (रायपुर)। एफसीआई गोदाम से धान की बोरियां चोरी करने के मामले में धरसींवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर ली थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कृषक सेवा सहकारी समिति द्वारा वर्ष 2025-26 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर उसे एफसीआई गोदाम धरसींवा में सुरक्षित रखा गया था। गोदाम में करीब 3500 कट्टा धान की बोरियां रखी गई थीं।
दिनांक 8 मार्च 2026 की शाम लगभग 7 बजे निरीक्षण के दौरान पाया गया कि धान की छल्ली में से करीब 60 बोरी धान गायब हैं। जांच में सामने आया कि 6 मार्च की रात से 8 मार्च के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोदाम की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और धान की बोरियों की चोरी कर ली। चोरी किए गए धान का कुल वजन लगभग 24 क्विंटल तथा कीमत करीब 74 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 136/2026 धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम परसतराई के दुकानदार यजेन्द्र वर्मा के पास कुछ युवक धान बेचने पहुंचे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने साबीर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों इरफान खान, अमान खान और पताड़ू के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने योजना बनाकर 6 मार्च की रात करीब 11 बजे गोदाम की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और 50-60 बोरी धान चोरी कर ली।
पुलिस ने मामले में साबीर खान (25 वर्ष), अमान खान (20 वर्ष) और इरफान खान (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर 9 मार्च 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
धरसींवा पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।
