वर्ल्ड कप फाइनल में ऑनलाइन सट्टा: डीडी नगर पुलिस की दबिश, 2 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क तिल्दा तक पहुंचने की चर्चा

रायपुर। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा खेलते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च को सूचना मिली थी कि रायपुरा स्थित सत्यम विहार कॉलोनी में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे वर्ल्ड कप फाइनल मैच के दौरान कुछ लोग ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से क्रिकेट सट्टा चला रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अनिल खत्री (54 वर्ष) निवासी सुंदरम विहार कॉलोनी तथा लीला राम पहलाजानी (44 वर्ष) निवासी विकास विहार कॉलोनी शामिल हैं। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में www.onebet9.com⁠� के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलते और खिलाते पाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन (करीब 1 लाख रुपये कीमत) तथा लगभग 2 लाख रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 169/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

सूत्रों के अनुसार इस ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क की कड़ियां अन्य क्षेत्रों से भी जुड़ी होने की आशंका है। चर्चा है कि इस नेटवर्क का तार तिल्दा नेवरा के एक बड़े सटोरिये से भी जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और उनके खिलाफ भी आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में ऑनलाइन सट्टा और जुए के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *