
तिल्दा नेवरा। राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा के निर्विरोध निर्वाचित होने पर प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर मनीष शर्मा ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और खुशी जाहिर की।
लक्ष्मी वर्मा के राज्यसभा सदस्य बनने पर तिल्दा नेवरा से भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उन्हें बधाई दी। इस दौरान विशेष रूप से भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा शहर मंडल की अध्यक्ष एवं पार्षद रानी सौरभ जैन ने उनसे मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किया और जीत की शुभकामनाएं दीं। रानी सौरभ जैन ने कहा कि लक्ष्मी वर्मा के राज्यसभा पहुंचने से छत्तीसगढ़ की महिलाओं की आवाज संसद में और अधिक मजबूती से उठेगी तथा प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लक्ष्मी वर्मा लंबे समय से भाजपा संगठन और समाज सेवा से जुड़ी रही हैं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके राज्यसभा सदस्य बनने से प्रदेश की महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी।
ज्ञात हो कि लक्ष्मी वर्मा वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य होने के साथ ही भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। महिला वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ है और वे लंबे समय से सक्रिय राजनीति में अपनी भूमिका निभाती आ रही हैं। इससे पहले वे रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं तथा भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
इस अवसर पर तिल्दा नेवरा से पहुंचे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी लक्ष्मी वर्मा को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला संयोजक दीपक शर्मा, जिला पंचायत सभापति स्वाति वर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री सुरेश वर्मा, प्रिय सिरमौर, भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा शहर मंडल महामंत्री बेबी गोस्वामी, अंजू पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि लक्ष्मी वर्मा के राज्यसभा पहुंचने से छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
