
रायपुर, सोमवार। सोमवार शाम छत्तीसगढ़ के लाखों लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक “Extremely Severe Alert” का आपातकालीन संदेश फ्लैश हुआ। अलर्ट मिलते ही लोगों में हलचल मच गई। भारत मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी इस चेतावनी में अगले तीन घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज गरज-चमक, आंधी और मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है। कई लोगों के मोबाइल पर यह चेतावनी एक साथ प्राप्त हुई, जिसके बाद लोगों ने इसे सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि गरज-चमक के दौरान बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। साथ ही तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने, टीन शेड उड़ने, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से मौसम संबंधी अलर्ट को गंभीरता से लेने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। किसानों को खेतों में काम रोकने तथा पशुओं और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से भी खराब मौसम के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाने का आग्रह किया गया है।
सुरक्षा के लिए रखें इन बातों का ध्यान
गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें।
अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
जलभराव वाले मार्गों से गुजरने से बचें।
बिजली कड़कने के समय सुरक्षित भवन में रहें।
मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अगले कुछ घंटों तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।
