तिल्दा-नेवरा थाना में होली पूर्व शांति समिति की बैठकअधिकारियों ने दिए कड़े दिशा-निर्देश, जनप्रतिनिधियों ने रखीं अहम बातें

तिल्दा-नेवरा।
होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आज नेवरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार राम प्रसाद बघेल एवं थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पार्षदों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया।

अधिकारियों ने बैठक में कहा कि होली सौहार्द, आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है, इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी पर भी जबरदस्ती रंग या गुलाल न लगाया जाए, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों और हुडदंगियों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई। किसी भी अप्रिय घटना या संदेहास्पद गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई।

पूर्व उपाध्यक्ष विकास सुखवानी की विशेष अपील

नगर पालिका पूर्व उपाध्यक्ष विकास सुखवानी ने बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए कहा कि होली का रंग केवल इंसानों तक ही सीमित रहे, बेजुबान जानवरों पर रंग-गुलाल न लगाया जाए। उन्होंने कहा कि “जानवर भी हमारी तरह ही संवेदनशील होते हैं, उन पर रंग डालना उचित नहीं है। होली सौहार्द का त्योहार है—इसे प्रेम से मनाएं, किसी पर भी जबरदस्ती रंग न लगाएं।”
उनकी इस बात पर बैठक में उपस्थित सदस्यों ने पूर्ण सहमति जताई।

सरपंचों व पार्षदों ने उठाया अवैध शराब बिक्री का मुद्दा

कई सरपंचों एवं पार्षदों ने क्षेत्र में निरंतर चल रही अवैध शराब बिक्री पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि होली के दौरान ऐसे मामलों पर पुलिस को विशेष निगरानी रखनी चाहिए। उन्होंने गांवों और कस्बों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने की मांग की, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

थाना प्रभारी ने दी सख्त चेतावनी

थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार के हुडदंग, छेड़छाड़ या सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर पालिका के पार्षदगण, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकारगण उपस्थित रहे। सभी ने होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *