
तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
शहर में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने, सड़क हादसों पर लगाम कसने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से सोमवार शाम दीनदयाल चौक पर तिल्दा-नेवरा पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में चले इस अभियान में उप निरीक्षक,पी,आर,साहू सहित पुलिस टीम पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ तैनात रही।
शाम ढलते ही दीनदयाल चौक पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू हो गई। चौक से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा दस्तावेज सहित अन्य जरूरी कागजातों की जांच की। वहीं तेज रफ्तार वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर विशेष नजर रखी गई।
अभियान के दौरान कई वाहनों की डिक्की खुलवाकर तलाशी भी ली गई, ताकि किसी प्रकार की अवैध सामग्री, नशीले पदार्थ अथवा आपराधिक गतिविधियों से जुड़े सामान की जांच की जा सके। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से कई वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली और कई लोग रास्ता बदलते भी नजर आए।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने मौके पर ही नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शहर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगातार इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे।
उप निरीक्षक,पी,आर,साहू ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखा जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर चौक पर मौजूद लोगों ने भी सराहना की। लोगों का कहना था कि लगातार सख्ती से लापरवाह वाहन चालकों और असामाजिक तत्वों में डर का माहौल बनेगा, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

