आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही: अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, मेधा मिश्रा की सक्रियता से सफलता

तिल्दा-नेवरा। आबकारी विभाग रायपुर द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 26 मार्च 2026 को तिल्दा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा की अहम भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और नेतृत्व में टीम ने सफलता हासिल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिव सह आबकारी आयुक्त सुश्री आर. संगीता एवं कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह के निर्देश तथा प्रभारी उपायुक्त आबकारी श्री राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में टीम को अवैध मदिरा परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने वार्ड क्रमांक 11, बाईस मिल पारधीपारा मार्ग, ग्राम भूमिया थाना तिल्दा में घेराबंदी कर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी नीलम पारधी (पिता जामुन पारधी), निवासी बुचीडीह जिला बेमेतरा को नीले-काले रंग की हीरो पैशन प्रो दोपहिया वाहन में अवैध रूप से शराब परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) कुल 7.20 बल्क लीटर बरामद कर जप्त किया गया, साथ ही वाहन भी जप्त किया गया।

आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा द्वारा प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सिल्विया सुमन, मुख्य आरक्षक दिगंबर भूरा एवं वाहन चालक रेवाराम का भी सराहनीय योगदान रहा।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *