
पैसे देने से इनकार करने पर गाली-गलौज कर डंडे से किया हमला, घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त
तिल्दा-नेवरा। थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर दुकान संचालक के साथ मारपीट करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे सासाहोली स्थित गोपाल पेट्रोल पंप के पास हुई। यहां दुकान संचालक सूरज पात्रे अपनी डेली नीड्स की दुकान चला रहे थे। इसी दौरान आरोपी तरुण कुमार यदु और छबी निषाद दुकान पर पहुंचे और शराब पीने के लिए दुकान संचालक से जबरन पैसे की मांग करने लगे।
दुकान संचालक ने जब पैसे देने से इनकार किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्का और लकड़ी के डंडे से दुकान संचालक के साथ मारपीट की तथा मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना तिल्दा-नेवरा पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत धारा 296, 119(1), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया। गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- तरुण कुमार यदु, पिता शिवलाल यदु, उम्र 22 वर्ष, निवासी सासाहोली, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
- छबी निषाद, पिता बल्लू निषाद, उम्र 22 वर्ष, निवासी सासाहोली, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में कार्रवाई का संदेश गया है।
