ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 180 पौवा अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

तिल्दा-नेवरा (रायपुर ग्रामीण)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोगी कुआं बैकुंठ क्षेत्र में एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी पूरन लाल वर्मा (30 वर्ष), निवासी ग्राम ताराशिव को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 180 पौवा देशी मदिरा मसाला शराब, जिसकी कीमत लगभग 18,000 रुपये है, तथा 900 रुपये नगद बिक्री रकम जब्त की। कुल जप्ती 18,900 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में सउनि अमिला नाग, आरक्षक संदीप सिंह, महेंद्र वर्मा एवं महिला आरक्षक प्रज्ञा दादर शर्मा की अहम भूमिका रही।

तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *