आज शाम दीनदयाल चौक पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, टीआई रमाकांत तिवारी की सख्त चेतावनी से वाहन चालकों में हड़कंप

तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
आज शाम शहर की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने, सड़क हादसों पर लगाम कसने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस ने दीनदयाल चौक पर सघन वाहन चेकिंग का ताबड़तोड़ अभियान चलाया। यह पूरा अभियान थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें उप निरीक्षक विकास देशमुख एवं थाना स्टाफ पूरी सख्ती और मुस्तैदी के साथ मौके पर तैनात रहा।

शाम ढलते ही चौक पर पुलिस की मौजूदगी ने राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। चौक से गुजरने वाले चार पहिया वाहनों को एक-एक कर रोककर बारीकी से जांचा गया। पुलिस टीम ने वाहन चालकों के लाइसेंस, आरसी, बीमा, संदिग्ध गतिविधियों, ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवर स्पीडिंग पर खास नजर रखी। इतना ही नहीं, कई वाहनों की डिक्की खुलवाकर तलाशी ली गई, जिससे किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री, नशीले पदार्थ या आपराधिक गतिविधियों से जुड़े सामान की जांच की जा सके।

अभियान के दौरान कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते पाए गए, जिन्हें मौके पर ही टीआई रमाकांत तिवारी ने तीखे अंदाज में सख्त समझाइश और चेतावनी दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार में शहर की सड़कों पर दौड़ने और ट्रैफिक नियमों को हल्के में लेने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” पुलिस की इस सख्त चेतावनी से कई वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शाम के समय चौक-चौराहों पर इस तरह की सघन चेकिंग का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना, सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और अपराधियों में पुलिस का भय कायम करना है।

वहीं उप निरीक्षक विकास देशमुख ने बताया कि पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों और नियम तोड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर और अधिक तीखे अंदाज में चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे।

आज शाम चले इस अभियान के बाद चौक पर मौजूद आम नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की ताबड़तोड़ और तीखी कार्रवाई से निश्चित रूप से लापरवाह वाहन चालकों और असामाजिक तत्वों में डर का माहौल बनेगा, जिससे शहर की सुरक्षा और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *