
तिल्दा-नेवरा।
रायपुर जिला ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा आज रात्रि तिल्दा पहुंचीं। उन्होंने पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का पैदल व वाहन दल के साथ भ्रमण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहर भ्रमण के दौरान एसपी ने कहा कि होली सौहार्द और शांति का पर्व है, इसे किसी भी स्थिति में बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने साफ शब्दों में संदेश दिया—
“यदि कोई अपराधी या असामाजिक तत्व होली के दौरान हुड़दंग करता है, तो उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी तरह सतर्क है।”
उन्होंने आगे बताया कि पूरा रायपुर ग्रामीण पुलिस बल अलर्ट मोड पर है और हर इलाके में अतिरिक्त गश्त बढ़ाई गई है। फ्लैग मार्च में सीएसपी, थाना प्रभारी और पुलिस जवान बड़ी संख्या में शामिल रहे।
पत्रकारों के सवाल पर एक पार्षद द्वारा अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठा
मौके पर मौजूद पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के दौरान एसपी सिन्हा से नगर के एक पार्षद द्वारा अवैध शराब बेचे जाने संबंधी शिकायतों पर प्रतिक्रिया मांगी गई। इस पर एसपी ने स्पष्ट कहा—
“कानून सबके लिए बराबर है। यदि कोई पार्षद, जनप्रतिनिधि या कोई भी व्यक्ति अवैध शराब बिक्री या अन्य गैरकानूनी गतिविधि में लिप्त पाया जाता है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।”
थाना प्रभारी और सीएसपी ने भी कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी, और होली पर्व के दौरान विशेष निगरानी बढ़ाई गई है।
