होली के दिन बुधवार को तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में दो बड़ी चाकूबाजी, एक युवक की हालत गंभीर

तिल्दा-नेवरा।
होली के दिन बुधवार को तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चाकूबाजी की गंभीर घटनाएं सामने आईं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है और पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना तिल्दा-नेवरा के बजरंग चौक, राजेंद्र वार्ड क्रमांक 20 की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एक युवक अपने परिचित के घर की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इसी दौरान धारदार हथियार से युवक के पेट पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के कारण युवक की आंतें बाहर निकल आईं, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल मिशन अस्पताल तिल्दा ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

वहीं दूसरी चाकूबाजी की घटना ग्राम पंचायत नेवरा तुलसी क्षेत्र में होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार यहां भी आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। हालांकि इस घटना की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

होली जैसे त्योहार के दिन हुई इन दो बड़ी चाकूबाजी की घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *