
तिल्दा नेवरा शहर में संचालित कई मेडिकल दुकानों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहरवासियों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ मेडिकल स्टोर्स में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे आम जनता की सेहत पर सीधा असर पड़ सकता है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर के कुछ मेडिकल दुकानों में कथित रूप से संदिग्ध व डुप्लीकेट दवाइयों की बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। विशेष रूप से जीवन रक्षक दवाइयों के मामले में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, जो बेहद गंभीर विषय है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग द्वारा नियमित जांच-पड़ताल नहीं किए जाने से कुछ संचालकों के हौसले बढ़े हुए हैं। यदि मेडिकल दुकानों की सघन जांच की जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग एवं औषधि प्रशासन से मांग की है कि मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपलब्धता, दवाइयों की गुणवत्ता एवं स्टॉक की विधिवत जांच की जाए तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य से जुड़े इस संवेदनशील विषय पर प्रशासन की सख्त निगरानी और पारदर्शी कार्रवाई की अपेक्षा शहरवासी कर रहे हैं, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो सकें।
