तिल्दा-नेवरा सिंधी कैंप में हिंदुस्तान लीवर टीम की छापेमारी, नकली पोंड्स पाउडर सहित कई सामान जब्त

तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।

तिल्दा-नेवरा के सिंधी कैंप क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदुस्तान लीवर (HUL) की टीम ने नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई दुकानों पर छापेमारी की। कंपनी की टीम ने स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की, जिसमें एक जनरल स्टोर से नकली पोंड्स पाउडर के करीब 20 पैकेट सहित अन्य संदिग्ध ब्रांडेड सामान बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, कंपनी को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में ब्रांडेड कॉस्मेटिक और दैनिक उपयोग के उत्पादों की आड़ में नकली सामान बेचा जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ-साथ कंपनी की साख पर भी असर पड़ रहा है। इसी के मद्देनजर टीम ने सिंधी कैंप की कुछ चुनिंदा दुकानों पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान एक जनरल दुकान में रखे पोंड्स पाउडर के 20-20 पैक नकली पाए गए, वहीं अन्य कई उत्पाद भी प्रथम दृष्टया संदिग्ध मिले। टीम ने सभी सामानों को जांच के लिए जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में पैकिंग, प्रिंटिंग क्वालिटी, बैच नंबर और एमआरपी स्टिकर में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं।

स्थानीय व्यापारिक क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप की स्थिति रही। कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने स्टॉक की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कंपनी की टीम आने वाले दिनों में तिल्दा-नेवरा के अन्य बाजार क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई कर सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि नकली कॉस्मेटिक और स्किन प्रोडक्ट्स से लोगों की त्वचा पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं, इसलिए उपभोक्ताओं को हमेशा बिल के साथ अधिकृत दुकानों से ही सामान खरीदना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
क्षेत्र के लोगों ने कंपनी की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नकली सामान बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और विश्वास से खिलवाड़ न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *