तिल्दा-नेवरा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रकों के जमावड़े के बीच पल्सर CG04PG1450 को टक्कर, महिला की मौतऔद्योगिक क्षेत्र में फिर हादसा, जनता ने बायपास और ब्रेकर की मांग दोहराई

तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
तिल्दा-नेवरा शहर के गुरु घासीदास चौक से सुभाष चौक मार्ग पर कविता फोटो स्टूडियो के सामने मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। हादसे में पल्सर बाइक क्रमांक CG04PG1450 को ट्रेलर क्रमांक CG04JC7215 ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर सवार भतीजा और 15 वर्षीय बच्ची घायल हो गए, जबकि साथ बैठी चाची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार भतीजा अपनी चाची और 15 वर्षीय बच्ची को पल्सर बाइक पर बैठाकर जा रहा था। जैसे ही वे कविता फोटो स्टूडियो के सामने पहुंचे, सड़क पर खड़े भारी ट्रकों और तेज रफ्तार वाहनों के बीच एक ट्रेलर क्रमांक CG04JC7215 ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में पीछे बैठी चाची ट्रेलर की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि भतीजा और 15 वर्षीय बच्ची को मामूली चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रेलर चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा ट्रेलर को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रकों और ट्रेलरों का दिनभर जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आम लोगों के लिए आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर भारी वाहनों की कतार और तेज रफ्तार के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

लोगों ने कहा कि तिल्दा-नेवरा एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप ट्रैफिक व्यवस्था और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई है। यही वजह है कि आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं।

घटना के बाद पब्लिक ने बायपास रोड निर्माण की मांग फिर तेज कर दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर के भीतर से ट्रकों और ट्रेलरों की आवाजाही बंद कर उन्हें बायपास मार्ग से निकाला जाए। साथ ही कविता फोटो स्टूडियो के पास स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक संकेतक और भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।

यह हादसा एक बार फिर इस बात का संकेत है कि तिल्दा-नेवरा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में बायपास और मजबूत ट्रैफिक प्रबंधन अब अत्यंत आवश्यक हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *