थाना प्रभारी रामाकांत तिवारी व पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई: चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

तिल्दा-नेवरा (रायपुर ग्रामीण),
थाना तिल्दा-नेवरा में पदस्थ थाना प्रभारी रामाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में थाना पुलिस एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम शामिल रही।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुशल कुमार निवासी मांढरकला, अपने ससुराल ग्राम टंडवा आया हुआ था। 6 अप्रैल 2026 की रात वह अपनी पैशन प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 22 AH 2808) से बैकुंठ शराब दुकान गया था, जहां अज्ञात चोर उसकी बाइक चोरी कर ले गए। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी रामाकांत तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान ग्राम भूमिया-सांकरा नेशनल हाईवे रोड पर सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक पैशन प्लस मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने उक्त मोटरसाइकिल को बैकुंठ शराब दुकान के पास से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेश यादव उर्फ शोले (36 वर्ष), निवासी चूनाभट्ठी थाना गंज, रायपुर एवं गजेन्द्र धीवर (19 वर्ष), निवासी निषाद पारा रावाभाठा थाना खमतराई, रायपुर शामिल हैं। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

थाना प्रभारी रामाकांत तिवारी एवं पूरी पुलिस टीम की सक्रियता और सतर्कता के चलते इस मामले का त्वरित खुलासा हुआ, जिससे क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *