थाना प्रभारी की सतर्कता से मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 बाइक बरामद

थाना प्रभारी की सतर्कता से मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 बाइक बरामद

तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर तिल्दा-नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

तिल्दा-नेवरा। रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की चोरी की 05 मोटरसाइकिलें बरामद कर जप्त की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी विधानसभा के निर्देशन में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस लगातार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई।

साप्ताहिक बाजार से चोरी हुई थी बाइक

मामले में प्रार्थी संजीव त्यागी (55 वर्ष), निवासी हथबंद, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी हीरो पैशन प्रो (CG-22-AB-3766) से तिल्दा-नेवरा के बुधवारी साप्ताहिक बाजार खरीदारी करने आया था। बाजार से लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल गायब मिली। रिपोर्ट के आधार पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने सुलझाया मामला

घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती और तकनीकी साक्ष्यों के सामने उन्होंने अपने साथी के साथ मिलकर जनवरी 2026 से 7 अगस्त 2026 तक तिल्दा-नेवरा, बगदई, बैकुंठ स्थित शराब दुकान परिसर तथा साप्ताहिक बाजार क्षेत्र से कुल 05 मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार कर लिया।

घर के पास छिपाकर रखी थीं चोरी की बाइक

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अजय कुमार यदु के घर के पास छिपाकर रखी गई 05 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें 04 हीरो एचएफ डीलक्स (बिना नंबर) तथा 01 हीरो पैशन प्रो (CG-22-AB-3766) शामिल है। सभी वाहनों को जप्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

परवाना देवार जोगी (21 वर्ष), देवार पारा, तिल्दा

अजीत जोगी (20 वर्ष), देवार पारा, तिल्दा

अजय कुमार यदु (28 वर्ष), तुलसी नेवरा

थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस की सराहनीय सफलता

इस कार्रवाई को क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में थाना प्रभारी एवं उनकी टीम की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने न केवल चोरी का खुलासा किया, बल्कि चोरी की गई पांचों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। स्थानीय लोगों ने भी इस सफलता पर तिल्दा-नेवरा पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *