शुक्रवार देर रात तिल्दा-नेवरा पुलिस का सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन, शहरभर में चला विशेष चेकिंग अभियान

शुक्रवार देर रात तिल्दा-नेवरा पुलिस का सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन, शहरभर में चला विशेष चेकिंग अभियान

तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात तिल्दा-नेवरा पुलिस ने व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन एवं विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चले इस अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

देर रात शुरू हुए इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन चौक, दीनदयाल चौक, सराफा मार्केट, सिंधी कैंप, बुधवारी बाजार, मिशन कॉलोनी, रेस्ट हाउस सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच की गई। पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच करने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया।

अभियान के दौरान बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, होटल, लॉज, ढाबों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संचालकों को सतर्क रहने तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करने के निर्देश दिए।

रात्रि गश्त के दौरान बिना किसी उचित कारण के देर रात सार्वजनिक स्थानों पर घूमते मिले लोगों से पूछताछ की गई तथा उन्हें अनावश्यक रूप से देर रात बाहर नहीं घूमने की समझाइश दी गई। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया।

तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा शहर में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन और रात्रिकालीन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *