अल्ट्राटेक बैकुंठ सीमेंट वर्क्स में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का लिया संकल्प

तिल्दा-नेवरा/बैकुंठ। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट बैकुंठ सीमेंट वर्क्स द्वारा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का विषय “प्रकृति से प्रेरणा – हमारे जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रहा। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से बचाव एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्लांट के इकाई प्रमुख पवन कुलकर्णी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की समस्या हम सभी के सामने एक गंभीर चुनौती है। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर औद्योगिक विकास करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण, संसाधनों का सही उपयोग, सौर ऊर्जा एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ जल संरक्षण तथा जैव विविधता की रक्षा के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम में तकनीकी विभाग प्रमुख राजीव सिंघल ने कहा कि उद्योग संचालन में पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था एवं सुरक्षित कार्य पद्धति अपनाकर पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी, जलवायु परिवर्तन, कार्बन उत्सर्जन, जल संकट और जैव विविधता में कमी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास करना समय की आवश्यकता है। ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, प्लास्टिक का कम उपयोग और कचरा प्रबंधन जैसे कार्यों को बढ़ावा देना जरूरी है।

खनन विभाग प्रमुख अशोक कुमार सिन्हा ने कहा कि खनन गतिविधियों के दौरान पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। खनन क्षेत्रों में हरित क्षेत्र का विकास, वर्षा जल संग्रहण, भूमि सुधार एवं जैव विविधता संरक्षण जैसे प्रयास सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिक से अधिक पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सकता है।

मानव संसाधन विभाग प्रमुख जितेन्द्र तंवर ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत आसपास के गांवों में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने इन कार्यों में सोनाली गवारगर के विशेष योगदान की प्रशंसा की।

विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के तहत संयंत्र में नारा लेखन प्रतियोगिता, विभागीय जागरूकता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में विद्युत विभाग से विवेक इंगोले, यांत्रिकी विभाग से अमित मिश्रा एवं हेमंत साहू, गुणवत्ता विभाग से अतुल रतले तथा प्रशासन विभाग से अभिषेक तेवतिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पर्यावरण विभाग प्रमुख डॉ. अभिषेक मिश्रा ने इस वर्ष के विषय “जलवायु संरक्षण के लिए प्रयास” पर चर्चा करते हुए संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर खनन क्षेत्र में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरक्षा विभाग प्रमुख अजय चतुर्वेदी, तकनीकी विभाग प्रमुख अशोक मिश्रा, प्रशासन विभाग से अभिषेक तेवतिया, मानव संसाधन विभाग से नितेश शर्मा, खनन विभाग से बिजय सिंह, सिविल विभाग से मनोरंजन ढल सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *