
सिमगा। शिक्षा विभाग में वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर अब सकारात्मक पहल शुरू होती दिखाई दे रही है। लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर द्वारा शिक्षक संवर्ग के विभिन्न पदों पर पदोन्नति संबंधी जानकारी निर्धारित प्रारूप में मांगे जाने के बाद प्रदेशभर के शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों में उम्मीद की नई किरण जगी है। संचालनालय द्वारा जारी निर्देश में समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संभागीय संयुक्त संचालकों को वरिष्ठता सूची, रिक्त पदों और अन्य आवश्यक जानकारियां निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने कहा गया है।
इस संबंध में सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला शिक्षक महासंघ (पंजीकृत) नई दिल्ली की राज्य इकाई छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष भारती वर्मा ने विभागीय पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से शिक्षा विभाग में शिक्षक, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला, प्रधान पाठक माध्यमिक शाला एवं व्याख्याता सहित कई पदों पर पदोन्नति लंबित थी, जिससे शिक्षकों एवं कर्मचारियों में निराशा का माहौल बन गया था। अब विभाग द्वारा उठाए गए इस कदम से शिक्षकों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 31 मई 2026 की स्थिति में रिक्त पदों की जानकारी, संवर्गवार एवं विषयवार पदों का विवरण, वरिष्ठता सूची तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही 01 अप्रैल 2025 की स्थिति में रिक्तियों की सूची तथा पदोन्नति एवं सीधी भर्ती के अनुपात संबंधी जानकारी भी प्रस्तुत करने कहा गया है।
भारती वर्मा ने कहा कि जिला कार्यालय, विकासखंड शिक्षा कार्यालय तथा विद्यालय स्तर तक रिक्त पदों की जानकारी संकलित कर समय सीमा में संचालनालय को भेजना अत्यंत आवश्यक है, ताकि पदोन्नति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा 30 जून 2026 तक पदोन्नति की रिक्तियों को हर संभव स्थिति में पूर्ण करने हेतु विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, जो शिक्षा विभाग के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उन्होंने राज्य शासन एवं लोक शिक्षण संचालनालय से मांग करते हुए कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखकर पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए। वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनका वैधानिक अधिकार मिलना चाहिए। इससे विभागीय कार्यप्रणाली में दक्षता बढ़ेगी तथा शिक्षकों का मनोबल भी ऊंचा होगा, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों की शिक्षा व्यवस्था पर पड़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष भारती वर्मा ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि पदोन्नति प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह प्रक्रिया पारदर्शी एवं समय सीमा के भीतर पूर्ण होती है तो प्रदेश के हजारों शिक्षकों एवं कर्मचारियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
