रायपुर में चेन झपटमारी का खुलासा, तिल्दा-नेवरा के दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना खम्हारडीह क्षेत्र में हुई चेन झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तिल्दा-नेवरा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी द्वारा महिला के गले से सोने की चेन झपटने के बाद उसे तिल्दा स्थित ज्वेलर्स को बेचने की बात सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया हेमलता वैध ने 29 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह लगभग 6:40 बजे शंकर नगर स्थित चावला टावर के पास अज्ञात युवक उनके गले से सोने की चेन झपटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन श्री मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर श्री स्मृतिक राजनाला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस उपायुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना खम्हारडीह पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. मानसी साकोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार 5 दिनों तक 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ छोटू वर्मा निवासी तिल्दा-नेवरा को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार करते हुए लूटी गई सोने की चेन को तिल्दा-नेवरा निवासी प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स प्रशांत केशरवानी को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चेन को गलाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 16 ग्राम सोना, 1 लाख 50 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में —

  1. विवेक उर्फ छोटू वर्मा, निवासी तिल्दा-नेवरा
  2. प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी, निवासी तिल्दा-नेवरा शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *