
तिल्दा-नेवरा (रायपुर ग्रामीण), 05 मई 2026।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। हनुमान मंदिर के पास दिनदयाल चौक में चाकू लहराकर राहगीरों में भय उत्पन्न करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक सार्वजनिक स्थान पर चाकू दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा भारती (19 वर्ष), पिता घनश्याम भारती, निवासी कुरूद जिला धमतरी, वर्तमान पता बैरनबाजार रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में तिल्दा-नेवरा पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी, गुण्डा-बदमाशों की चेकिंग और धरपकड़ अभियान चला रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आम जनता में विश्वास और मजबूत हुआ है।
