
तिल्दा-नेवरा (रायपुर ग्रामीण)।
रायपुर के चर्चित सटोरिया किंग बाबू खेमानी की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में सट्टा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि शहर और आसपास सक्रिय छोटे-बड़े सटोरिए अचानक भूमिगत हो गए हैं। पुलिस की सख्त कार्रवाई ने अवैध सट्टा नेटवर्क की कमर तोड़ने का काम किया है।
सूत्रों के मुताबिक, बाबू खेमानी लंबे समय से रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सट्टा कारोबार का बड़ा नाम रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके नेटवर्क से जुड़े कई स्थानीय संचालकों ने अपने ठिकाने बंद कर दिए हैं और मोबाइल तक स्विच ऑफ कर दिए हैं। तिल्दा-नेवरा में वर्षों से जड़ जमा चुके सट्टा कारोबार पर यह कार्रवाई बड़ा असर डालती नजर आ रही है।
इधर तिल्दा-नेवरा पुलिस भी पूरी तरह एक्शन मोड में है। थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि अवैध सट्टा कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि लंबे समय से क्षेत्र में सट्टा गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही थीं, जिससे युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा था। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई देर से ही सही, लेकिन सटीक कदम मानी जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश:
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सट्टा जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस की इस सख्ती से सट्टा कारोबार पर स्थायी लगाम लग पाती है या फिर कुछ समय बाद यह नेटवर्क फिर से सक्रिय हो जाता है। फिलहाल, कार्रवाई के डर से सटोरियों में खौफ साफ नजर आ रहा है।
