भूमिहीन मजदूरों को मिला संबल: तिल्दा में प्रमाण पत्र वितरण, एसडीएम आशुतोष देवांगन की रही विशेष भूमिका

तिल्दा-नेवरा। निखिल वाधवा।
छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 25 मार्च 2026 को प्रदेशभर में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषक मजदूर कल्याण योजना का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में तिल्दा विकासखंड के जनपद पंचायत सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सभी विकासखंडों को संबोधित किया।

तिल्दा में आयोजित इस कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) आशुतोष देवांगन की सक्रिय उपस्थिति और सतत मॉनिटरिंग देखने को मिली। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित किया कि पात्र भूमिहीन श्रमिकों को योजना का लाभ सुचारू रूप से मिले।

कार्यक्रम के दौरान तिल्दा एवं खरोरा तहसील के भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति सरोज चंद्रवंशी, श्रीमती स्वाती वर्मा एवं श्रीमती शैल महेंद्र साहू की गरिमामयी उपस्थिति में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

साथ ही तहसीलदार तिल्दा राम प्रसाद बघेल, तहसीलदार खरोरा चंद्रशेखर मंडई एवं जनपद पंचायत तिल्दा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विकासखंड के पटवारियों और बड़ी संख्या में भूमिहीन श्रमिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

जानकारी के अनुसार तिल्दा विकासखंड में कुल 9030 भूमिहीन कृषि मजदूर इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित होंगे, जिससे उनके आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

वहीं, योजना का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम बलौदाबाजार में आयोजित हुआ, जहां माननीय मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि रहे और माननीय राजस्व मंत्री ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

यह योजना भूमिहीन श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *