मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी चाकू सहित गिरफ्तार, पुलिस की तत्परता से बरामद हुआ वीवो मोबाइल

तिल्दा नेवरा पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया है। पुलिस की सतर्कता और तत्काल नाकेबंदी के चलते आरोपी को कुछ ही समय में दबोच लिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत धारा 304, 3(5) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रार्थी गोविंद साहू, निवासी खपरीकला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 अप्रैल की रात भोजन के बाद वह अपने दोस्त से मोबाइल पर बातचीत करते हुए सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रात करीब 9:40 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और उसके हाथ से वीवो कंपनी का मोबाइल झपटकर फरार हो गए।

घटना के दौरान प्रार्थी ने बाइक की ब्रेक लाइट जलने पर उसका नंबर सीजी 10 सी.डी. 5360 देख लिया और तत्काल थाना तिल्दा नेवरा पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में नाकेबंदी कर घेराबंदी शुरू की, जिसके बाद उक्त नंबर की मोटरसाइकिल सवार युवक को दबोच लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का गोल्डन कलर मोबाइल (कीमत 19,500 रुपये), मोटरसाइकिल (कीमत 30,000 रुपये) तथा एक बड़ा धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने जप्ती की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज टंडन (22 वर्ष), पिता राजू टंडन, निवासी गोढ़ी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई से एक बार फिर तिल्दा नेवरा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और सूझबूझ सामने आई है, जिससे मोबाइल स्नैचिंग जैसी वारदात का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *