
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राजीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 किलो 267 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 1,13,350 रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक युवक गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रज्वल किसन हुके (22 वर्ष), निवासी वर्धा (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से एक सफेद झोले में रखा गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने गांजे को विशेष तरीके से सिलाई कर पेट के ऊपर बांध रखा था और कपड़ों से ढककर छिपाया हुआ था, जिससे वह पुलिस की नजर से बच सके।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 120/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया है।
इस कार्रवाई को पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं एसडीओपी वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस टीम में सउनि बी.एल. देवांगन, प्रधान आरक्षक जालम साहू, आरक्षक महेंद्र वर्मा, कुलदीपक वर्मा एवं बलराम वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गांजा व शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
