चेट्रीचंड्र महोत्सव: महिलाओं व बच्चियों की भव्य बाइक रैली, जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा तिल्दा-नेवरा

तिल्दा-नेवरा।
चेट्रीचंड्र एवं भगवान झूलेलाल जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को तिल्दा-नेवरा शहर में महिलाओं एवं बच्चियों द्वारा भव्य एवं आकर्षक बाइक रैली निकाली गई। शाम 5:00 बजे झूलेलाल मंदिर से प्रारंभ हुई यह रैली स्टेशन रोड, सिंधी कैंप, सुभाष चौक होते हुए पुनः झूलेलाल मंदिर पहुंचकर शाम 6:30 बजे संपन्न हुई।

रैली के दौरान महिलाओं और बच्चियों में अपार उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं हाथों में ध्वज लिए भगवान झूलेलाल जी के जयकारे लगाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरीं। “जय झूलेलाल” के गगनभेदी नारों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष पलक विकास सुखवानी ने भगवान झूलेलाल का ध्वज लहराकर रैली का शुभारंभ किया तथा स्वयं भी रैली में शामिल होकर महिलाओं एवं बच्चियों का उत्साहवर्धन किया।

रैली के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों एवं नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। सांसद प्रतिनिधि राम पंजवानी ने पुष्पवर्षा एवं पटाखे जलाकर रैली का जोरदार स्वागत किया, जिससे माहौल उत्सवमय हो उठा।

इसके साथ ही अमृतवेला परिवार एवं बाबा गुरमुखदास दरबार तिल्दा कैंप द्वारा भी श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा कर रैली का अभिनंदन किया गया। स्वागत के इस भावपूर्ण दृश्य ने पूरे आयोजन को और अधिक भव्य एवं यादगार बना दिया।

रैली के समापन पर झूलेलाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई एवं प्रसाद वितरण हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल से सुख-शांति, समृद्धि एवं नगर के कल्याण की कामना की।

पूरे आयोजन के दौरान शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना रहा। चेट्रीचंड्र महोत्सव की यह भव्य झलक तिल्दा-नेवरा में सामाजिक एकता, आस्था और उत्साह का प्रतीक बनकर सामने आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *