
तिल्दा नेवरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये का चालान किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से मोटर व्हीकल चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-CW-6204 से शराब के नशे में शहर के व्यस्त मार्गों से गुजर रहा था, जिससे आम नागरिकों को असुविधा हो रही थी।
पुलिस टीम ने युवक को रोककर जांच की तो उसके द्वारा शराब का सेवन कर वाहन चलाना पाया गया। इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये का चालान किया गया।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने कहा कि शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
