
तिल्दा नेवरा। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने 7 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध धारा 170 बी.एन.एस. के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जिनसे क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका थी।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नेतराम पांसे (36 वर्ष), सूरज सेन (32 वर्ष), माखन वर्मा (58 वर्ष), विशाल धानुक (25 वर्ष), हीरा टंडन (35 वर्ष), साजेश देवार (45 वर्ष) एवं मुकेश कुमार साहू (34 वर्ष) के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है और भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में रह सकें।
