तिल्दा नेवरा में धारदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

तिल्दा नेवरा। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम कोहका क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ पकड़ा।

पुलिस के अनुसार कुलदीप ध्रुव (27 वर्ष), पिता मंगलूराम ध्रुव, निवासी ग्राम कोहका थाना तिल्दा नेवरा के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *